नई दिल्ली, 16 नवंबर ( पंजाब दैनिक न्यूज़ ) दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने केन्द्र सरकार द्वारा करतारपुर साहिब कॉरीडोर 17 नवंबर से पुनः खोले जाने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे विश्व भर में बैठी नानक नाम लेवा संगत में खुशी की लहर है।

यहां जारी किए एक बयान में सिरसा ने कहा कि आज देश के गृहमंत्री द्वारा जब यह ऐलान किया गया कि कल से करतारपुर साहिब कॉरीडोर खोला जा रहा है तो इससे गुरु साहिब के महान स्थान के दर्शन दीदार करने के लिए तड़प रहे लोगों को बेहद राहत मिली है। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी राहत है क्योंकि इसके कारण देश व दुनिया भर से सिख जो भारत आते हैं बह बगैर वीज़ा के करतारपुर साहिब के दर्शन कर सकेंगे।सिरसा ने कहा कि वह उन सभी लोगों विशेष तौर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष व शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सहित सभी संस्थाओं तथा जत्थेबंदियों का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने यह कॉरीडोर पुनः खुलवाने के लिए प्रयास किए तथा आवाज़ बुलंद की,उन्होंने कहा कि करतारपुर साहिब के दर्शन से ज्यादा किसी सिख के लिए अन्य खुशी की बात और क्या हो सकती है इसलिए समूची संगत को कॉरीडोर खुलने पर वह बहुत-बहुत बधाई देते हैं और आशा करते हैं कि अब ज्यादा से ज्यादा संख्या में संगत इस फैसले के चलते गुरु साहिब के पवित्र स्थान के दर्शन कर सकेंगी।
