


जालंधर पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) आगामी चुनावों के मद्देनजर अवैध शराब के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग की ओर से एक्साइज सर्कल मकसूदां के अंतर्गत करतारपुर क्षेत्र में विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान सहायक आबकारी आयुक्त, जालंधर रेंज-2 डॉ. हरसिमरत कौर ग्रेवाल के दिशा-निर्देशों तथा आबकारी अधिकारी जालंधर वेस्ट-बी जसप्रीत सिंह की निगरानी में आबकारी निरीक्षक सोमंत माही द्वारा संचालित किया गया अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर जांच कर अवैध शराब के भंडारण एवं बिक्री की संभावनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। पंजाब दैनिक न्यूज़ से बात करते हुए सोमंत माही ने बताया कि सबसे पहले जीटी रोड, करतारपुर स्थित करतारपुर कोल्ड स्टोर एवं आइस फैक्ट्री की गहन जांच की गई। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि परिसर में कोई अवैध शराब भंडारित न हो और न ही अवैध रूप से शराब परोसी जा रही हो। इसके बाद दयालपुर, करतारपुर स्थित धूपड़ कोल्ड स्टोरेज की जांच की गई। यहां मौजूद मजदूरों को अवैध शराब के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें निर्देश दिए गए कि यदि क्षेत्र में कोई व्यक्ति अवैध शराब बेचने या उससे संबंधित गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दी जाए। इसके अतिरिक्त मल्लियां कलां स्थित अटवाल राइस मिल की भी जांच की गई। विभागीय टीम को जांच के दौरान वहां कोई अनियमितता नहीं मिली। आबकारी विभाग द्वारा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों पर निगरानी रखने और लोगों को जागरूक करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई की जा रही है। विभाग का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध शराब के भंडारण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
