जालंधर पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन के सीनियर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा परिणामों में ब्रिटिश ओलिविया स्कूल ने एक बार फिर उत्कृष्टता की अपनी परंपरा को कायम रखते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय ने इस सफलता को प्राप्त कर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी गुणवत्ता, अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया है। विद्यालय परिसर में परिणाम घोषित होते ही खुशी का माहौल बन गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने मिठाइयां बांटकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया। विद्यालय के 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम गौरवान्वित किया। इस वर्ष 9 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। आशिमा ने 95.2% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि तन्वी ने 95% से द्वितीय, सर्वजोत सिंह जोहल ने 93.5% तृतीया स्थान, मिकांश ने 91.5%,लवलीन वर्मा ने 91.1%, दिया ने 91%, राजवी ने 91% अंक, निहारिका ने 90.4% ने अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके अतिरिक्त 25 से अधिक विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।इसी क्रम में कुछ दिन पूर्व घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में भी विद्यालय ने शानदार उपलब्धि हासिल की थी। 10वीं कक्षा में विद्यालय ने शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त की थी, जिसमें 6 विद्यार्थियों ने 96% से अधिक अंक प्राप्त किए, 17 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक हासिल किए तथा लगभग 41 विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया था। यह उपलब्धियां विद्यालय की निरंतर शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण हैं।
परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में अभिभावकों की बधाइयों की झड़ी लग गई। अनेक अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर प्रबंधन और शिक्षकों को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की तथा विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित वातावरण की सराहना की। विद्यार्थियों के चेहरों पर सफलता की चमक साफ दिखाई दे रही थी और पूरा विद्यालय उत्सव के माहौल में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने यह सिद्ध कर दिया कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है। विद्यालय का यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का प्रत्यक्ष प्रमाण है। विद्यालय के चेयरमैन विजय मैनी तथा निर्देशिका मोनिका मैनी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।चेयरमैन श्री विजय मैनी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों को केवल किताबी शिक्षा ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आधुनिक तकनीकी ज्ञान से भी सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की शिक्षा प्रदान करने के लिए नवीन शिक्षण तकनीकों और आधुनिक संसाधनों का निरंतर विस्तार कर रहा है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर देश और समाज का नाम रोशन कर सके। ब्रिटिश ओलिविया स्कूल परिवार इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को हार्दिक बधाई देता है तथा भविष्य में भी उत्कृष्ट शिक्षा और शानदार परिणामों की इस परंपरा को निरंतर बनाए रखने के लिए संकल्पित है।