







चंडीगढ (पंजाब दैनिक न्यूज़) पंजाब कांंग्रेस में खींताचन के बीच आज बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू को दिल्ली तलब किया। आज शाम को बैठक उनके साथ होगी। इस बैठक में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और पूर्व प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ भी शामिल होंगे। दूसरी ओर, पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं I बता दें कि सुनील जाखड़ काफी समय से पार्टी से नाराज हैं। कांग्रेस अब भी जाखड़ को मनाने की कोशिश में भी जुटी है। सुनील जाखड़ ट्वीट कर अपनी नाराजगी जताते रहते हैं। पिछले दिनों पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अमृतसर में मीडिया से बातचीत के दौरान सुनील जाखड़ पर हमला किया था और तंज कसे थे। इसके बाद सुनील जाखड़ ने भी ट्वीट कर हमला किया। दूसरी ओर, मुख्यमंंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू में पहले से ही खींचतान चल रही है। सिद्धू लगातार चन्नी सरकार पर हमले करते रहते हैं। इससे राज्य में कांग्रेस के लिए अजीबो-गरीब हालत पैदा हो रही है। सिद्धू लगातार मुद्दे उठाकर मुख्यमंंत्री चरणजीत सिंह चन्नी व उनकी सरकार के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैंं।
पंजाब के सियासी जानकारों का कहना है कि सिद्धू के तेवर कांग्रेस पर भारी पड़ते दिख रहे हैंं। इसके साथ ही सीएम चन्नी और सिद्धू के बीच अजीब होड़ सी दिख रही है। सिद्धू कोई भी मुद्दा उठाते हैं तो चरणजीत सिंह चन्नी उसको लेकर घोषणा करने में देर नहीं लगाते हैं। इसके बाद चन्नी के कदम पर आर्थिक हालत का हवाला देकर सिद्धूू हमला करने में देर नहीं लगाते हैंं। इस हालत से परेशान होकर कांग्रेस आलाकमान ने दोनों नेताओं को तलब किया है। संकेत हैं कि पंजाब कांग्रेस में इस हालत को समाप्त करने के लिए पार्टी नेतृत्व बड़ा कदम उठा सकता है।










