जालंधर कैंट पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) नारी शक्ति वेलफेयर सोसाइटी की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 17वां तीज महोत्सव जालंधर कैंट स्थित बाबरी धर्मशाला में बड़े उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पंजाबी संस्कृति की जीवंत झलक पेश करते हुए गिद्धा, भंगड़ा, समूह एवं एकल नृत्य, मॉडलिंग तथा रैम्प वॉक की शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, पारंपरिक परिधानों और मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और पूरे पंडाल में उत्सव का माहौल बना रहा। पूरे आयोजन के दौरान तीज पर्व की पारंपरिक छटा देखते ही बन रही थी। कार्यक्रम में डॉ. गीतांजलि शर्मा, पार्षद करमजीत कौर ढिल्लों एवं पार्षद वंदना तुलसी व नेहा राजू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुईं। सभी अतिथियों ने महिलाओं को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए समाज में महिलाओं की भागीदारी, एकता और सशक्तिकरण पर बल दिया।सोसाइटी की अध्यक्ष अंजू वर्मा ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि तीज महोत्सव हमारी संस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। पंजाब दैनिक न्यूज़ से बात करते हुए अध्यक्ष अंजू वर्मा ने बताया कि नारी शक्ति वेलफेयर सोसाइटी पिछले 17 वर्षों से इस आयोजन को निरंतर सफलतापूर्वक आयोजित करती आ रही है। इस अवसर पर सोसाइटी की सचिव गुरमीत कौर, सलाहकार बलबीर कौर, कार्यकारिणी सदस्य नीना बलूनी, रीतू बाला, पिंकी शर्मा, कायनात एवं कुंजन सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह के अंत में सभी अतिथियों एवं सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा सभी ने तीज पर्व की खुशियों को आपस में साझा करते हुए सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया।