जालंधर 03 पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 405 किलोग्राम डोडा पोस्त सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीआईए स्टाफ जालंधर ग्रामीण की टीम ने की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशे की खेप ले जाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा एक कैंटर भी बरामद किया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जालंधर ग्रामीण स. हरविंदर सिंह विर्क, पी.पी.एस. के दिशा-निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक (जांच) विनीत अहलावत, आई.पी.एस. और उप पुलिस अधीक्षक (डिटेक्टिव) लखविंदर सिंह, पी.पी.एस. की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। सीआईए स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर पुष्प बाली की अगुवाई में पुलिस टीम नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार, सीआईए स्टाफ को सूचना मिली थी कि कुछ नशा तस्कर मध्य प्रदेश से डोडा पोस्त लाकर नकोदर, शाहकोट और कपूरथला क्षेत्रों में सप्लाई कर रहे हैं। सूचना के आधार पर 2 अक्टूबर को एसआई कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम नकोदर-शाहकोट क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस पार्टी दाना मंडी नकोदर पहुंची, जहां खुले स्थान पर एक सफेद रंग का कैंटर संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। कैंटर चालक पुलिस पार्टी को देखकर वहां से जाने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने शक के आधार पर काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान वरिंदर सिंह उर्फ काली पुत्र दलिप सिंह, निवासी बाबा जीवन सिंह नगर, टिब्बी साहिब रोड, थाना सिटी मुक्तसर, जिला श्री मुक्तसर साहिब के रूप में हुई।पुलिस ने कैंटर नंबर HR-69-C-1590 की तलाशी ली तो उसमें से 27 प्लास्टिक के थैले बरामद हुए। प्रत्येक थैले में 15 किलोग्राम डोडा पोस्त था। इस तरह कुल 405 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।इस संबंध में थाना सिटी नकोदर में मुकदमा नंबर 181 दिनांक 02.10.2026, धारा 15-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पढ़ाई पूरी करने के बाद ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान गीता नामक व्यक्ति से हुई, जिसने मध्य प्रदेश के गरोठ क्षेत्र में डोडा पोस्त की बिक्री से जुड़े लोगों से उसकी जान-पहचान करवाई। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी 400 किलोग्राम डोडा पोस्त लेकर आया था, जिसके बदले उसे 25 हजार रुपये मिले थे। पुलिस का कहना है कि इस बार भी आरोपी मध्य प्रदेश के गरोठ क्षेत्र से डोडा पोस्त लेकर आया था और इसकी सप्लाई गीता नामक व्यक्ति को की जानी थी। पुलिस अब गीता की तलाश में छापेमारी कर रही है तथा नशा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी विभिन्न धाराओं के तहत छह मुकदमे दर्ज हैं। बार-बार अपराध में संलिप्तता को देखते हुए उसके विरुद्ध बीएनएस की धारा 111 के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से उसके अन्य साथियों, नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क तथा फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने यह भी बताया कि यदि आरोपी की चल-अचल संपत्ति नशा तस्करी से अर्जित धन से खरीदी हुई पाई जाती है, तो कानून के अनुसार उसे जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
बरामदगी: 405 किलोग्राम डोडा पोस्त, कुल 27 थैले।
वाहन: कैंटर नंबर HR-69-C-1590।
गिरफ्तार आरोपी: वरिंदर सिंह उर्फ काली पुत्र दलिप सिंह, जिला श्री मुक्तसर साहिब।