








कपूरथला पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) पंजाब में अवैध शराब के कारोबार और इसके सेवन पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग की ओर से कपूरथला जिले में विशेष जागरूकता मुहिम चलाई जा रही है। इस मुहिम के तहत विभाग की टीमें जिले के विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को अवैध शराब तथा लाहन के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य नुकसान के प्रति जागरूक कर रही हैं। इसके साथ ही आम जनता को कानूनी रूप से उपलब्ध सरकारी अधिकृत शराब के ठेकों से ही शराब खरीदने की अपील की जा रही है। जिला कपूरथला के आबकारी अधिकारी (ETO) सुखजीत सिंह चाहल ने बताया कि जालंधर जोन के उप आबकारी आयुक्त (DETC EXCISE) रणजीत सिंह तथा सहायक आबकारी आयुक्त (AETC EXCISE) कपूरथला नवजीत सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध शराब के सेवन और इसके संभावित दुष्परिणामों से आम लोगों को बचाना तथा जनता में जागरूकता पैदा करना है उन्होंने बताया कि इस मुहिम के दौरान जिले के अलग-अलग गांवों और इलाकों में लोगों को समझाया जा रहा है कि अवैध और गैर-मानक शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसी शराब के सेवन से आंखों की रोशनी जाने, शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचने और यहां तक कि व्यक्ति की जान जाने का भी खतरा रहता है।आबकारी विभाग की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि कुछ पैसों की बचत के लालच में अपनी अनमोल जिंदगी को खतरे में न डालें। अवैध शराब और लाहन के सेवन से पूरी तरह परहेज करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब का सेवन करने वाले लोग केवल सरकार द्वारा अधिकृत शराब के ठेकों से ही कानूनी रूप से बेची जाने वाली शराब खरीदें, ताकि किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी खतरे से बचा जा सके।इस जागरूकता अभियान के अंतर्गत कपूरथला जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मुनादी भी करवाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक यह संदेश पहुंचाया जा सके। इस अभियान में आबकारी निरीक्षक जतिंदरपाल सिंह (भुलत्थ एवं सुल्तानपुर सर्कल), आबकारी निरीक्षक सिमरनप्रीत सिंह (कपूरथला सर्कल), आबकारी निरीक्षक मनजीत कौर (फगवाड़ा ईस्ट सर्कल) तथा आबकारी निरीक्षक सिमरनप्रीत सिंह (फगवाड़ा वेस्ट सर्कल) का विशेष सहयोग रहा। आबकारी अधिकारी सुखजीत सिंह चाहल ने कहा कि अवैध शराब पर रोक लगाना और आम जनता के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करना विभाग की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए भविष्य में भी इस तरह की मुहिम लगातार जारी रखी जाएगी, ताकि अवैध शराब के सेवन से होने वाले नुकसान को रोकने के साथ-साथ समाज को भी इसके प्रति सतर्क किया जा सके।
