जालंधर पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) जिला स्तरीय बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026-27 में ब्रिटिश ओलिविया स्कूल, जालंधर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में स्कूल की अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 गर्ल्स टीमों ने अपने-अपने आयु वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-17 बॉयज टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।अंडर-14 गर्ल्स टीम में देवांशी ठाकुर, बिस्मन कौर और हरप्रीत कौर ने बेहतरीन खेल कौशल, आत्मविश्वास और टीम भावना का प्रदर्शन किया। अंडर-17 वर्ग में देवांशी ने टीम के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि अंडर-19 वर्ग में मोक्ष शर्मा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।पूरे टूर्नामेंट के दौरान छात्राओं ने अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय दिया। कड़े मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार टीमवर्क और तकनीकी दक्षता के दम पर फाइनल तक का सफर तय किया। तीनों आयु वर्गों में द्वितीय स्थान प्राप्त करना विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही।
अंडर-17 बॉयज टीम ने जीता स्वर्ण पदक
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में ब्रिटिश ओलिविया स्कूल की अंडर-17 बॉयज टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम ने क्वार्टर फाइनल में जोन नंबर 3, सेमीफाइनल में जोन नंबर 4 और फाइनल में जोन नंबर 2 को हराकर खिताब अपने नाम किया।फाइनल मुकाबले में ब्रिटिश ओलिविया स्कूल की टीम ने जोन नंबर 2 को 35-20 के अंतर से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। टीम के खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले के दौरान बेहतरीन डिफेंस, आक्रामक खेल, सटीक पासिंग और शानदार टीमवर्क का प्रदर्शन किया। टीम में युवराज शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।इससे पहले स्कूल की अंडर-14 बॉयज टीम भी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुकी है। फाइनल मुकाबले में टीम ने जोन नंबर 2 को 48-8 के बड़े अंतर से हराकर शानदार विजय हासिल की थी। टीम के कप्तान शौर्य को टूर्नामेंट का ‘बेस्ट प्लेयर’ चुना गया था।
चेयरमैन एवं डायरेक्टर ने दी बधाई
विद्यालय के चेयरमैन श्री विजय मेनी एवं डायरेक्टर श्रीमती मोनिका मेनी ने सभी विजेता खिलाड़ियों, कोच और टीम सदस्यों को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां विद्यार्थियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं।उन्होंने सभी खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसी जोश, लगन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे ब्रिटिश ओलिविया स्कूल परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।