जालंधर पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) आयोजित जिला स्तरीय स्कूल बास्केटबॉल टूर्नामेंट में ब्रिटिश ओलिविया स्कूल, जालंधर की टीम ने शानदार खेल कौशल, तकनीकी दक्षता और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों पर अपना दबदबा बनाए रखा। नॉकआउट चरण के पहले मुकाबले में ब्रिटिश ओलिविया स्कूल की टीम ने जोन नंबर 3 को बड़े अंतर से हराकर जीत के अभियान की शुरुआत की। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में जोन नंबर 12 को पराजित किया, जबकि सेमीफाइनल में जोन नंबर 8 की टीम को शिकस्त देकर शानदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश किया।फाइनल मुकाबला जोन नंबर 2 के खिलाफ खेला गया। ब्रिटिश ओलिविया स्कूल के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक और आत्मविश्वास से भरा खेल दिखाया तथा Switch तालमेल के दम पर 48–8 के बड़े अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
टीम के कप्तान शौर्य ने उत्कृष्ट नेतृत्व और शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब हासिल किया। टीम की जीत में अनमोलदीप, एकमवीर, गुरित और मौलिक ने बेहतरीन बास्केटबॉल एवं आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, जबकि गितांश और धैर्य ने रक्षात्मक मोर्चे पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस शानदार सफलता के पीछे टीम की कोच विजेता की मेहनत, सटीक रणनीति और खिलाड़ियों के प्रति समर्पण भी महत्वपूर्ण रहा। उनकी कुशल कोचिंग और मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि पर स्कूल के चेयरमैन श्री विजय मैनी ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल न केवल शारीरिक तंदुरुस्ती प्रदान करते हैं, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन, समय की पाबंदी और टीम भावना जैसे जीवन-मूल्यों का विकास भी करते हैं। उन्होंने कहा कि चुनौतियों का सामना करने तथा हार-जीत को सहजता से स्वीकार करने का साहस खेल के मैदान से ही मिलता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि स्कूल विद्यार्थियों को खेलों के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेगा।स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती मोनिका मैनी ने खिलाड़ियों और कोच विजेता को बधाई देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक है। खेल बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल के होनहार खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया है कि निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। यह जीत अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। स्कूल की प्रिंसीपल डॉ. सुमन बाला ने विजेता टीम, कोच विजेता और समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां स्कूल के मान-सम्मान में वृद्धि करती हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और उपलब्धियां न केवल स्कूल, बल्कि पूरे शहर का नाम भी रोशन करेंगी।टीम की इस शानदार सफलता पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी एवं उत्साह का माहौल रहा। स्वर्ण पदक जीतकर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार परिचय दिया तथा स्कूल के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज की।