जालंधर पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) आज स्थानीय होटल में नीमा जालंधर की मासिक संगोष्ठी का आयोजन डॉ. एस.पी. डालिया की अध्यक्षता में किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन पनेशिया हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी होम के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें संस्था के प्रमुख विशेषज्ञ मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धनवंतरी के पूजन से हुई। इसके पश्चात सेक्रेटरी डॉ. राजीव धवन ने उपस्थित नीमा सदस्यों का स्वागत किया। संगोष्ठी के दौरान संस्था के सदस्यों एवं उनके संबंधियों की अकाल मृत्यु पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।संगोष्ठी में प्रमुख स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. गगनजोत कौर ने हाई-रिस्क प्रेगनेंसी के विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह स्थिति मां और शिशु दोनों के लिए सामान्य से अधिक जोखिमपूर्ण होती है। इसके प्रमुख कारणों में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, पूर्व गर्भपात का इतिहास, अत्यधिक सूजन, लगातार उल्टियां-दस्त और रक्तस्राव शामिल हैं। उन्होंने सुरक्षित गर्भावस्था के लिए संतुलित आहार, नियमित चिकित्सकीय परामर्श, समय-समय पर जांच जैसे ब्लड टेस्ट और अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी।इसके बाद हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित जैन ने बढ़ते हृदय रोगों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि असंतुलित खानपान, आरामदायक जीवनशैली, समय पर इलाज न करवाना और लक्षणों की अनदेखी हृदय रोगों के बढ़ने के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जागरूकता नहीं बढ़ाई गई, तो भारत हृदय रोगियों की संख्या में शीर्ष पर पहुंच सकता है। दोनों विशेषज्ञों ने उपस्थित सदस्यों के प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य वक्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।अंत में अध्यक्ष डॉ. एस.पी. डालिया ने सभी नए एवं उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद किया। मंच का संचालन डॉ. राजीव धवन ने कुशलता से किया। इस अवसर पर डॉ. अनिल नागरथ, डॉ. अमनप्रीत सिंह, डॉ. के.एस. राणा, डॉ. आई.पी.एस. सेठी, डॉ. विपुल कक्कड़, डॉ. कर्णवीर, डॉ. वरुण अग्रवाल, डॉ. सुमित कल्याण, डॉ. एच.एस. सोढ़ी सहित जालंधर फीमेल फोरम की अध्यक्षा डॉ. रीना कक्कड़, डॉ. मीनल, डॉ. सुनीता नागरथ, डॉ. मोनिका, डॉ. विनीता गोस्वामी तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।