जालंधर (पंजाब दैनिक न्यूज़) कोरोना का नया वेरिएंट तेजी से बढ़ना शुरू हो गया है। सेहत विभाग द्वारा एहतियात के तौर पर एडवाइजरी जारी कर मास्क पहनने की हिदायत दी है। इसी बीच बुरी खबर ये है कि जालंधर में कोरोना पॉजिटिव पेशेंट की मृत्यु हो गई है। 60 वर्षीय महिला होशियारपुर के गांव शेरपुर से अपना इलाज करवाने के लिए जालंधर के अस्पताल पहुंची थी। महिला को तेज बुखार था और उसे सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी। अस्पताल में उसका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया। महिला का अंतिम संस्कार कोविड प्रोटोकॉल के साथ किया जाएगा। वहीं जालंधर में एक 46 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। जिसे घर में आइसोलेट कर दिया गया है।सेहत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जालंधर के सिविल अस्पताल में मरीजों के लिए तैयारियां कर ली गई हैं। 4 बेड का आइसोलेशन वार्ड भी बनाया गया है।
बता दें कि शहर में बुखार-खांसी के पहले करीब 90 मरीज रोजाना आ रहे थे। मगर अब ये गिनती 185 के करीब पहुंच गई है। राज्य में JN.1 वेरिएंट को लेकर सेहत विभाग अलर्ट पर चल रहा है। राज्य के सभी जिलों के सरकारी अस्पतालों को विभिन्न गाइडलाइन्स जारी की गई है। सेहत विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों में मास्क पहनना जरूरी कर दिया है। लोगों को भीड़भाड़ वाली जगह न जाने की सलाह दी गई है।बता दें कि गत दिवस राज्य के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश भास्कर ने कहा था कि जे. एन-1 वैरिएंट के 4 मरीज सामने आए है।