(पंजाब दैनिक न्यूज़) रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच पिसोचिन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए एंबेसी की तरफ से पांच बसों का इंतज़ाम किया गया था. ये बसें छात्रों और नागरिकों को पिसोचिन से लेकर निकल गई हैं.भारतीय एंबेसी की ओर से ट्वीट कर कहा गया, “पिसोचिन से भारतीय नागरिकों को निकाल लिया गया है. उनके सफर के दौरान भी ये मिशन जारी रहेगी और उनके संपर्क में रहेंगे. उनकी सुरक्षा हमेशा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. सुरक्षित रहें, मज़बूत रहें.”इससे पहले भारतीय एंबेसी ने ट्वीट किया, “भारत सरकार की ओर से भेजी गई तीन बसें पिसोचिन पहुंच गई हैं और जल्द पश्चिम की ओर रवाना होंगी. दो और बसें जल्द आएंगी. हमारे सभी छात्र सुरक्षित सफर करें इसकी कामना करते हैं.” बता दें कि पिसोचिन का इलाका खारकीव से करीब 11 किलोमीटर दूर है.संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने शनिवार को रूसी हमले के बाद से यूक्रेन में 351 आम नागरिकों की मौत की पुष्टि की है. जिनेवा स्थित कार्यालय ने कहा कि 24 फरवरी की मध्यरात्रि से 707 अन्य आम नागरिक घायल हुए हैं. संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने इन आंकड़ों के लिए पुष्ट रिपोर्ट का उपयोग किया है. हालांकि, यूक्रेन के अधिकारियों ने हताहतों की इससे कहीं अधिक संख्या पेश की है.शनिवार को रूस ने यूक्रेन के दो शहरों में संघर्ष विराम का एलान किया. लेकिन बाद में यूक्रेनी पक्ष ने दावा किया कि रूस संघर्ष विराम का पालन नहीं कर रहा है.
