जालंधर (पंजाब दैनिक न्यूज़) पंजाब के 5 नगर निगमों में चुनाव होने हैं। सरकार ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। सरकार ने जालंधर, लुधियाना, फगवाड़ा, अमृतसर तथा पटियाला के अधिकारियों को लेटर भेजकर वार्डबंदी करने के आदेश जारी कर दिए हैं। कहा गया है कि, वार्डबंदी का काम शुरू किया जाए।पिछले लंबे समय से यह संभावना व्यक्त की जा रही थी कि जालंधर नगर निगम के वार्डो की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी और जालंधर के विधायकों द्वारा लोगों को आश्वासन दिया जा रहा था कि वार्डो के गिनती में बढ़ोतरी होगी तथा जो लोग पार्टी का साथ दे रहे हैं वह उन्हें इलेक्शन लड़ जायेंगे, यह बात जल्द पूरी होने जा रही है I अब जालंधर में इस बार पांच वार्ड बढ़ाए जाएंगे। जिससे वार्डों की संख्या 80 से बढ़कर 85 हो जाएगी। इस बार नगर निगम का चुनाव 85 वार्डों पर होगा। संभवता जनवरी में नगर निगम के चुनाव कराए जा सकते हैं। वहीं, पांच वार्ड के बढ़ाए जाने से सत्ताधारी AAP अपने हिसाब से वार्डों की संरचना तैयार करेगी। जिससे कांग्रेस समेत भाजपा और अकाली दल के नेता परेशान नजर आ रहे हैं।जानकारी के मुताबिक नगर निगम चुनाव के लिए नई वार्डबंदी का सर्वे काम तेजी के साथ चल रहा है। दो इलाकों का काम अभी बाकी है, ऐसे में 30 सितंबर डेडलाइन दी गई है। इसके लिए करीब 100 मुलाजिमों को फील्ड में उतारा हुआ है। वार्डबंदी की सर्वे रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी। इसके बाद राजनीतिक दल भी अपने-अपने हिसाब से वार्डबंदी करवाने के लिए जोर लगाना शुरू कर देंगे,हालांकि वार्डबंदी में सत्तारूढ़ पार्टी का ही जोर चलता है, लेकिन कांग्रेस, अकाली दल, बीजेपी इस कोशिश में रहेंगे की उनके मजबूत गढ़ को आम आदमी पार्टी ना तोड़ पाए। निगम की हद में आए कैंट विधानसभा क्षेत्र के 11 गांव और इनके साथ लगती सभी कालोनियों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। इन इलाकों में करीब 7000 घर रजिस्टर्ड हो गए हैं, जिनकी आबादी 35000 है। सरकार के लोकल बॉडीज डिपार्टमेंट ने 1995 में वार्डबंदी के नियम बनाए थे। उन्हीं नियमों पर आगे बढ़ते हुए अब 5 नगर निगमों के चुनाव हेतु वार्डबंदी के सर्वे में कुल जनसंख्या, जनरल तथा आरक्षित श्रेणी जनसंख्या का डेटा एकत्रित किया जाएगा।गौरतलब है कि आप विधायकों द्वारा वार्ड के मोहल्लों में आम मीटिंग के दौरान लोगों को कहा जाता रहा है कि जिन लोगों ने आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने का साथ दिया है उन्हें निगम चुनाव के दौरान पार्षद की टिकट दी जाएगी, अब जल्दी ही वार्डो की बढ़ोतरी के बाद किन को टिकट मिलता है किन का टिकट कटता है यह पता चल जाएगा I इसको सरकार ने अलग से तय करना है। नई वार्डबंदी तय करने के बाद मतदाता सूचियां नए सिरे से प्रकाशित होंगी।
