चंडीगढ़ (पंजाब दैनिक न्यूज़) दुनिया भर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं I वही भारत में लगातार कोरोना के मामलों में वृद्धि हो रही है I कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए चंडीगढ़ में भी नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। यह नाइट कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 5 बज तक होगा। इस दौरान आवाजाही पर रोक रहेगी। इसके जरूरी वस्तुओं को छोड़कर मार्केट्स भी बंद करनी होंगी। सिर्फ इमरजेंसी सेवाओं को नाइट कर्फ्यू के लिए छूट रहेगी। विशेष परिस्थिति के लिए प्रशासन की तरफ से पास जारी किए जाएंगे। गुरुवार को चंडीगढ़ में कोरोना के 331 केस आए हैं।
इन आदेशों में चंडीगढ़ के सभी स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी और कोचिंग इंस्टीट्यूट आदि शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं। वह सिर्फ ऑनलाइन पढ़ाई करवा सकते हैं।
इसके अलावा सरकारी ऑफिसों में सिर्फ 50% कर्मचारी ही काम करेंगे। इसके लिए दफ्तरों को रोस्टर बनाने को कहा गया है। इसके अलावा प्राइवेट ऑफिसों में भी आधा स्टाफ काम करेगा और बाकी वर्क फ्रॉम होम करेंगे।सभी बार, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, मॉल, रेस्टोरेंट, स्पा, म्यूजियम आदि सिर्फ 50% की क्षमता से चलेंगे। इसके लिए उनके स्टाफ को कोविड वैक्सीन की डबल डोज लगी होनी जरूरी है।इसके अलावा इंडोर में 50 और आउटडोर में 100 लोगों के इकट्ठे होने की लिमिट तय कर दी गई है। हालांकि इंडोर और आउटडोर में जगह की क्षमता के हिसाब 50% से ज्यादा भीड़ नहीं जुटाई जा सकती।
सेक्टर 26 स्थित सब्जी मंडी में 26 रेहड़ी वाले या वेंडर को ही मंजूरी मिलेगी उन्हें वैक्सीन की डबल डोज लगी होनी जरूरी है। 10 जनवरी तक मंडी में रिटेल कस्टमर या ग्राहकों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है।
सेक्टर 19 स्थित पालिका बाजार और सदर बाजार, सेक्टर 15 स्थित पटेल मार्केट, सेक्टर 22 स्थित शास्त्री मार्केट और मोबाइल मार्केट, सेक्टर 41 स्थित कृष्णा मार्केट और सभी अपनी मंडी 5 बजे बंद हो जाएंगी।
सुखना लेक, रॉक गार्डन और बर्ड पार्क हो चुके बंद
चंडीगढ़ में लगातार बढ़ रहे कोरोना केसों को देखते हुए प्रशासन पहले ही सख्ती बरत चुका है। इसके तहत रॉक गार्डन और बर्ड पार्क को बंद किया जा चुका है। वहीं, सुखना लेक में बोटिंग से लेकर हर तरह की गतिविधि रविवार को पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि सोमवार से शनिवार तक कुछ घंटों की छूट दी गई है। सुबह 5 से 9 बजे और शाम को 6 से 8 बजे तक मॉर्निंग एवं इवनिंग वॉक को छूट दी गई है। हालांकि चंडीगढ़ प्रशासन ने कहा है कि अगर लोग कोविड सावधानियों का पालन करेंगे, तभी यह छूट बरकरार रहेगी।
