जालंधर कैंट पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) जालंधर के युवा एवं प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ी श्रेयांश जैन ने एक बार फिर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन किया है। नई दिल्ली में 26 और 27 सितंबर 2026 को आयोजित FIDE रेटेड अंतरराष्ट्रीय रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज प्रतियोगिता में देश-विदेश के कुल 1,524 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों के साथ ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, नाइजीरिया और अमेरिका सहित कई देशों के खिलाड़ी भी शामिल हुए।महज 13 वर्ष की आयु में श्रेयांश जैन ने ब्लिट्ज ओपन वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1700 से 1850 FIDE रेटिंग श्रेणी में चौथा स्थान हासिल किया। कड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के बीच अनुभवी खिलाड़ियों के सामने श्रेयांश ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।इस प्रदर्शन का लाभ उन्हें FIDE रेटिंग में भी मिला। श्रेयांश ने 59 से अधिक अंतरराष्ट्रीय FIDE रेटिंग अंक अर्जित किए। वहीं, शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ₹4,000 का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया।ओपन वर्ग में देश-विदेश के खिलाड़ियों के बीच 13 वर्ष की उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना श्रेयांश की मेहनत, लगन और शतरंज के प्रति समर्पण को दर्शाता है। इससे पहले भी वह विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर चुके हैं।श्रेयांश की इस उपलब्धि से जालंधर के शतरंज जगत में खुशी की लहर है। परिवार, प्रशिक्षकों, साथी खिलाड़ियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।श्रेयांश जैन की यह उपलब्धि उनके परिवार के साथ-साथ जालंधर और पंजाब के युवा शतरंज खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।