जालंधर पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) ब्रिटिश ओलिविया स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा बाल गोपाल महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं भक्तिमय भावनाओं के बीच मनाया गया। विद्यालय का पूरा वातावरण भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और रंगों से सराबोर नजर आया I कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन श्री विजय मैनी, डायरेक्टर श्रीमती मोनिका मैनी, प्रिंसिपल डॉ. सुमन डडवाल तथा के.जी. विंग कोऑर्डिनेटर श्रीमती इंद्रजीत कौर द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके पश्चात पावन हनुमान चालीसा के पाठ के साथ इस भव्य महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा रानी एवं अन्य पौराणिक पात्रों का रूप धारण कर मनमोहक झांकियां एवं रंगारंग प्रस्तुतियाॅ पेश कीं। बच्चों द्वारा श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को अत्यंत सुंदर ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया गया। विशेष रूप से श्रीकृष्ण और सुदामा की अटूट एवं निस्वार्थ मित्रता को दर्शाती प्रस्तुति ने उपस्थित सभी अभिभावकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की मासूम अदाकारी, आकर्षक वेशभूषा और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने सभी को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री विजय मैनी ने अपने संबोधन में अभिभावकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता को स्वयं भी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि जब माता-पिता स्वस्थ और जागरूक होंगे, तभी वे अपने बच्चों के स्वास्थ्य एवं बेहतर जीवनशैली की ओर उचित ध्यान दे पाएंगे। उन्होंने बच्चों को सोशल मीडिया के अत्यधिक प्रभाव से दूर रखने, उसके प्रति जागरूक बनाने तथा खेलों एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी बल दिया,उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि ब्रिटिश ओलिविया स्कूल के विद्यार्थियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मैडल हासिल किए हैं।
विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थी नासा जैसे प्रतिष्ठित मंच तक भी पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों, अभिभावकों और अध्यापकों के आपसी सहयोग एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम है। विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती मोनिका मैनी ने अपने संबोधन में बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि आज बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई श्रीकृष्ण, राधा रानी एवं सुदामा से संबंधित झांकियों और प्रस्तुतियों को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो सभी विद्यालय के ऑडिटोरियम में नहीं, बल्कि किसी वास्तविक भक्तिमय प्रांगण में बैठे हों, जहां भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं संजीव रूप में प्रस्तुत हो रही हों। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी दर्शकों को भगवान श्रीकृष्ण की पावन लीलाओं में खो जाने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अभिभावकों, अध्यापकों एवं बच्चों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों की प्रतिभा एवं शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए चेयरमैन श्री विजय मैनी, डायरेक्टर श्रीमती मोनिका मैनी, प्रिंसिपल डॉ. सुमन डडवाल तथा के.जी. विंग कोऑर्डिनेटर श्रीमती इंद्रजीत कौर द्वारा बच्चों को ट्रॉफियाॅ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा के.जी. विंग के अध्यापकों की मेहनत एवं समर्पण की भी विशेष रूप से सराहना की गई। इस सफल आयोजन को यादगार बनाने में श्रीमती शालू जैरथ, श्रीमती शालिनी पाल, श्रीमती मोनिका शर्मा, श्रीमती वंदना शर्मा, श्रीमती नेहा मिंनास, श्रीमती गीतिका शर्मा, श्रीमती मोनिका रानी, श्रीमती जसमीत कौर तथा श्रीमती नरिंदर कौर सहित के.जी. विंग के सभी अध्यापकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन ने उनकी कड़ी मेहनत, रचनात्मकता एवं बच्चों को मंच पर शानदार प्रस्तुति के लिए तैयार करने के प्रयासों की पूरी-पूरी प्रशंसा की। बाल गोपाल महोत्सव ने न केवल बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया, बल्कि भारतीय संस्कृति, पौराणिक परंपराओं एवं भगवान श्रीकृष्ण के जीवन मूल्यों से भी जोड़ने का एक सुंदर माध्यम साबित हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार में उत्साह और आनंद का वातावरण देखने को मिला।