रामपुर (पंजाब दैनिक न्यूज़)आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की तैयारियों का आकलन करने के उद्देश्य से 15 जून को आयोजित होने वाली मॉक एक्सरसाइज के संबंध में आज उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।बैठक में मॉक एक्सरसाइज की रूपरेखा, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों तथा आपदा की स्थिति में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि मॉक एक्सरसाइज के दौरान सतलुज बेसिन क्षेत्र में बादल फटने (क्लाउडबर्स्ट) एवं अचानक बाढ़ आने की काल्पनिक स्थिति का अभ्यास किया जाएगा, जिसके माध्यम से विभिन्न विभागों की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और आपसी समन्वय का परीक्षण किया जाएगा।
उपमंडलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अपनी तैयारियां पूर्ण रखें तथा राहत एवं बचाव कार्यों, संचार व्यवस्था, चिकित्सा सेवाओं, यातायात प्रबंधन तथा प्रभावित क्षेत्रों से लोगों की सुरक्षित निकासी से संबंधित सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों से गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ मॉक एक्सरसाइज में भाग लेने का आह्वान किया।उन्होंने बताया कि 15 जून को पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर में आयोजित होने वाली इस मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की व्यवहारिक समीक्षा की जाएगी तथा विभिन्न विभागों की तत्परता का आकलन किया जाएगा।बैठक में नायब तहसीलदार रामपुर सुरेश नेगी सहित सेना, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, अग्निशमन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।