


चंडीगढ़ (पंजाब दैनिक न्यूज़) सुबह-सुबह बड़ी खबर सामने आ रही है पंजाब और चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पेट्रोल के दाम में करीब 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। लगातार बढ़ रही कीमतों के चलते आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है। मोहाली में पेट्रोल का रेट सबसे ज्यादा ₹103.39 प्रति लीटर तक पहुंच गया है। वहीं, चंडीगढ़ में पेट्रोल ₹98.93 और डीजल ₹86.93 प्रति लीटर बिक रहा है। इससे पहले 15 मई और 19 मई को भी कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी, यानी महज 9 दिनों के भीतर तीसरी बार लोगों को महंगे ईंधन का झटका लगा है। डीजल की कीमतों में भी बड़ा उछाल देखा गया है। 15 मई से पहले चंडीगढ़ में डीजल ₹82.45 प्रति लीटर था, जो अब लगभग 4 रुपए तक महंगा हो चुका है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी पेट्रोल ₹100.14 और डीजल ₹92.17 प्रति लीटर तक पहुंच गया है।पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर पड़ रहा है। शहरों में टैक्सी, ऑटो और माल ढुलाई के किराए बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा सब्जियों, राशन और अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी बढ़ सकते हैं। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते ईंधन के दामों से माल ढुलाई की लागत में इजाफा हो रहा है, जिसका असर बाजार में साफ दिखाई दे सकता है।
