

नई दिल्ली (पंजाब दैनिक न्यूज़) भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर देश के ‘पद्म पुरस्कारों’ की घोषणा कर दी है. कला, संस्कृति और सिनेमा के क्षेत्र में अहम योगदान देने वाली कई दिग्गज हस्तियों को इस साल सर्वोच्च नागरिक सम्मानों के लिए चुना गया है. गृह मंत्रालय ने सूची में अभिनय जगत के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र सिंह देओल को मरणोपरांत देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजा.भारतीय सिनेमा के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र बॉलीवुड के उन दुर्लभ अभिनेताओं में से एक हैं, जिन्होंने पिछले छह दशकों से दर्शकों के दिलों पर राज किया. उन्होंने ‘सत्यकाम’ जैसी क्लासिक फिल्मों में अपने संजीदा अभिनय, ‘शोले’ और ‘प्रतिज्ञा’ जैसी फिल्मों में शानदार एक्शन और ‘चुपके चुपके’ जैसी कॉमेडी फिल्मों के जरिए अपने टैलेंट का लोहा मनवाया. अपनी शानदार पर्सनालिटी और विनम्र स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले धर्मेंद्र को सिनेमा में उनके अहम योगदान के लिए साल 2012 में पद्म भूषण से नवाजा गया था. अब उन्हें पद्म विभूषण के लिए चुने जाने से फैंस काफी खुश हैं.
