नई दिल्ली ( पंजाब दैनिक न्यूज़) पाकिस्तान की सीमा से लगे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 31 मई को ऑपरेशन शील्ड के तहत मॉक ड्रिल की जाएगी। पहले इसे 29 मई को किया जाना था लेकिन प्रशासनिक कारणों से स्थगित करना पड़ा था। अब मॉक ड्रिल का आयोजन 31 मई को होगा। यह मॉक ड्रिल जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात सहित पाकिस्तान की सीमा से लगे सभी पश्चिमी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित की जाएगी।मॉक ड्रिल का आयोजन इसलिए कराया जा रहा है ताकि भविष्य में दुश्मन मुल्क की ओर से होनेवाले हमलों को लेकर नागरिक सतर्क रहें। मॉक ड्रिल एक तरह का अभ्यास है जिसमें लोगों को इमरजेंसी के हालात से निपटने के बारे में जानकारी दी जाती है। लोगों यह बताया जाता है कि अगर किसी तरह का हमला हो या आपदा की स्थिति आए तो आम लोगों को कैसे अपना बचाव करना चाहिए। बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच करीब 3300 किमी लंबा बॉर्डर है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात की सीमा पाकिस्तान से लगती है। बता दें कि नागरिक सुरक्षा नियम, 1968 की धारा 19 के तहत मिली शक्तियों का प्रयोग करते हुए गृह मंत्रालय ने 31.05.2025 को देश की पश्चिमी सीमा से सटे राज्यों के सभी जिलों में दूसरा नागरिक सुरक्षा अभ्यास (2nd Civil Defence Exercise) “ऑपरेशन शील्ड” आयोजित करने का फैसला लिया है।
