कश्मीर (पंजाब दैनिक न्यूज़) पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले का जवाब भारतीय सेना ने पाकिस्तान को एयर स्ट्राइक से दिया है. बुधवार देर रात को भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया. सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर को थल और वायु सेना ने मिलकर अंजाम दिया और रात 01.44 बजे पाकिस्तान में घुसकर एयर स्ट्राइक की.भारतीय सेना ने कुल मिलाकर 9 जगहों पर एयर स्ट्राइक की है. भारतीय सेना ने साफ किया है कि इस हमले के दौरान किसी भी पाकिस्तानी सैन्य सुविधा को निशाना नहीं बनाया गया है. भारतीय सेना ने हमले के बाद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी और कहा “न्याय हुआ, जय हिंद”. साथ ही सेना ने ये भी साफ किया कि सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाना था. भारत का हमला पड़ोसी देश से झगड़े के मकसद से नहीं किया गया है.भारत की और से एयर स्ट्राइक करते हुए कोटली, बहावलपुर और मुजफ्फराबाद में मिसाइल हमले किए हैं. वहीं भारत की एयर स्ट्राइक से बौखलाए पाकिस्तान की और से सीमा पर सीजफायर उल्लंघन भी शुरू हो गया है. पाकिस्तान ने पुंछ-राजौरी क्षेत्र में सीमा पार से फायरिंग की जा रही है. BSF को इंटरनेशनल बॉर्डर पर अलर्ट पर रखा गया है.पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारत के हमलों की निंदा करते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक्स पर कहा: “पाकिस्तान को जोरदार तरीके से जवाब देने का पूरा अधिकार है, और जोरदार जवाब दिया जा रहा है. पूरा देश पाकिस्तानी सशस्त्र बलों के साथ खड़ा है, और पूरे पाकिस्तानी राष्ट्र का मनोबल और भावना उच्च है. पाकिस्तानी राष्ट्र और पाकिस्तानी सशस्त्र बल जानते हैं कि दुश्मन से कैसे निपटना है.


