जालंधर पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) आज ब्रिटिश ओलिविया स्कूल में एनुअल स्पोर्ट्स मीट अत्यंत उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीनियर डिप्टी मेयर बलवीर सिंह ढिल्लों उपस्थित हुए । उनके साथ विशेष अतिथि के रूप में अभिभावक-शिक्षक संघ के सदस्य रविन्दर सिंह सिद्धू भी उपस्थित रहे। कक्षा प्रथम से नवम तक के विद्यार्थियों ने खेल मैदान में अद्भुत जोश और खेल भावना का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि के विद्यालय आगमन पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा उनका गरिमापूर्ण स्वागत किया गया। कैडेट्स ने सुसंगठित परेड के माध्यम से उन्हें एस्कॉर्ट कर सलामी दी। विद्यालय के चारों हाउसों ने प्रभावशाली मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने एक समान वेशभूषा, अनुशासन और तालमेल के साथ कदम मिलाकर चलते हुए अपनी एकता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा खेल मशाल प्रज्वलित की गई, जिसने पूरे वातावरण को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया। तत्पश्चात रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए और मुख्य अतिथि ने स्पोर्ट्स मीट के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। विद्यालय की निदेशक श्रीमती मोनिका मैनी ने विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ प्रतिस्पर्धा करने की शपथ दिलाई तथा उन्हें खेलों में सदैव निष्पक्ष और ईमानदार बने रहने का संदेश दिया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न प्रकार की दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 100 मीटर, 200 मीटर, रिले रेस सहित अन्य आयु वर्ग की विशेष रेस शामिल थीं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। खेल मैदान में प्रतिभागियों का उत्साह और दर्शकों का उत्साहवर्धन देखने योग्य था। अपने संबोधन में सीनियर डिप्टी मेयर बलवीर सिंह ढिल्लों ने विद्यालय के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, सुव्यवस्थित एवं विशाल खेल मैदान, विद्यार्थियों के अनुशासन और प्रबंधन की उत्कृष्ट व्यवस्था की सराहना की,उन्होंने कहा कि विद्यालय ने कम समय में उल्लेखनीय प्रगति की है और यह संस्था निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। उन्होंने विद्यालय की पूरी टीम शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों और आयोजन समिति के समर्पण और मेहनत की विशेष प्रशंसा की,विद्यालय के चेयरमैन श्री विजय मैनी ने खेलों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं, जो सफलता की कुंजी है। विद्यालय की निदेशक श्रीमती मोनिका मैनी ने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षित खेल मैदान विद्यार्थियों को बेहतर मंच प्रदान करते हैं, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें और भविष्य में उच्च स्तर पर पहुंच सकें। अंत में विजेता खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई के लिए उन्हें गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किए गए। विजेताओं के चेहरों पर खुशी और गर्व स्पष्ट दिखाई दे रहा था। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ। यह भव्य आयोजन विद्यालय की उत्कृष्ट योजना, समर्पित टीम भावना और खेलों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणादायक उदाहरण बना।