जालंधर पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) नववर्ष व आते लोहड़ी त्योहार के उपलक्ष्य में रविवार, 4 जनवरी को के.एल.सहगल मेमोरियल ट्रस्ट, जालंधर (रजि.) के नामाधीन ‘सहगल सांस्कृतिक केन्द्र’ के अंतर्गत सहयोगी उपक्रम ‘बॉलीवुड क्लब’ द्वारा के.एल.सहगल मेमोरियल सभागार में रंगारंग कार्यक्रम ‘आओ ट्विस्ट करें’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत बॉलीवुड क्लब प्रधान डॉ. दविन्द्र चोपड़ा के संबोधन से हुई। इंद्नधनुषी छटा से सराबोर इस विशेष आयोजन में सुरीले गीतों सहित कला के विविध रंग देखने को मिले। नरेंद्र, विजय चौधरी, जिम्मी, कृतिका जैसे मंझे हुए बॉलीवुड गायकों ने ‘आने वाले साल को सलाम’, ‘आने वाला पल जाने वाला है’, ‘ईना मीना डीका’, ‘आओ न गले लगा लो न’, ‘वादा करो तुम दोगे मेरा साथ’ आदि सुमधुर गीत गाकर श्रोताओं का दिल जीत लिया। भांडों के चरित्र को अपने उत्कृष्ट अभिनय के माध्यम से जीवंत करते हुए आशिमा तथा सुनीता भल्ला ने ख़ूब वाहवाही बटोरी। ‘आओ ट्विस्ट करें’ गीत पर क्लब एवं पारिवारिक सदस्यों की नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्न बनी। विजय चौधरी, शरणजीत एवं साथियों द्वारा गाए गए लोहड़ी गीत ‘सुंदर मुंदरिए ओ’, ‘तिल्ली मोतियां भरी’ तथा बोलियों और भांगड़ा गीतों पर गुरदीप सिंह लूथरा एवं साथियों की प्रशंसनीय प्रस्तुति ने दर्शकों के उत्साह में पंजाबी तड़का लगाने का कार्य किया। लायलपुर ख़ालसा गर्ल्स स्कूल की छात्राएं गिद्दे आदि प्रस्तुतियों के दौरान अपनी शानदार भाव-भंगिमाओं द्वारा ग्रामीण सभ्याचार में रची-बसी महक उपस्थित जनों तक पहुंचाने में विशेषकर कामय़ाब रहीं। केटवॉक हो या जोड़ियों के लिए आयोजित बैलून डांस, हर आइटम का सदस्यों ने पूरा लुत्फ़ उठाया। ‘लक्की ड्रा’ के माध्यम से चयनित, दिसंबर-जनवरी माह में जन्मे अथवा विवाह बंधन में बंधे सदस्यों के साथ-साथ, बालीवुड क्विज़ के तहत पूछे गए प्रश्नों का सही उत्तर देने वाले सदस्यों को भी प्रायोजकों की ओर से उपहार भेंट किए गए। हिंदी सिनेमा के ख़ासे जानकार तथा करिश्माई आवाज़ के जादूगर श्री चंद्रमोहन शर्मा मंच संचालक के तौर पर प्रेरक वक्ता बने। सहयोगी के रूप में सह-संचालक श्री शिव गुप्ता का अंदाज़-ए-ब्यां भी क़ाबिल-ए-तारीफ़ रहा।
के.एल.सहगल मेमोरियल ट्रस्ट के प्रधान श्री सुखदेव राज, सचिव श्री एस.एस.अजीमल, संयोजक श्री चन्द्रमोहन, सह संयोजक डॉ. कुलविंदरदीप कौर, ट्रस्टी एवं ‘बॉलीवुड क्लब’ के प्रधान डॉ. दविन्द्र चोपड़ा, सचिव श्री शिव गुप्ता, संयुक्त सचिव श्री विजय चौधरी, कोषाध्यक्ष श्री पी.पी.शर्मा, कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती नीलम गुप्ता तथा ‘बॉलीवुड क्लब’ के अन्य कार्यकारी सदस्य कार्यक्रम में बराबर शरीक़ रहे। बतौर गणमान्य अतिथि सिटी ग्रुप ऑफ़ इस्टीट्यूशन के चेयरमैन स.चरणजीत सिंह चन्नी की उपस्थिति विशेष रही।बॉलीवुड क्लब सदस्यों द्वारा प्रांगण में प्रज्वलित लोहड़ी के इर्द-गिर्द नृत्य करते हुए कार्यक्रम अपने अंतिम चरण की ओर अग्रसर हुआ। गर्मागर्म कॉफी संग ज़ायकेदार चने-भटूरों तथा गुलाब जामुन का आस्वादन करने के उपरांत पधारे हुए मेहमानों को रेवड़ी-मूंगफली-गचक देकर विदा किया गया। शाहीन शर्मा तथा तकनीकी टीम के उल्लेखनीय योगदान से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए इस विविधरंगी कार्यक्रम को श्रोतावर्ग की भूरि-भरि प्रशंसा मिली। ‘बॉलीबुड क्लब’ की समूची टीम ने उपस्थित अतिथियों एवं कार्यक्रम प्रायोजक, ‘जूपिटर बैटर होम्स’ के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।