
जालंधर पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) जालंधर स्थित ब्रिटिश ओलिविया स्कूल के छात्रों ने ज़ोनल, जिला और इंटर-स्कूल स्तर पर आयोजित बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 की विभिन्न श्रेणियों में लड़कों और लड़कियों की टीमों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किए। यह उपलब्धियाँ विद्यालय के छात्रों की मेहनत, लगन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम हैं। ज़ोनल प्रतियोगिता (Sanskriti KVM School) में अंडर-14 गर्ल्स टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अंडर-14 बॉयज़ टीम ने शानदार खेल दिखाकर प्रथम स्थान हासिल किया। इसी प्रकार अंडर-17 गर्ल्स टीम ने भी अपने दमखम से द्वितीय स्थान अर्जित किया। वहीं, जिला स्तरीय प्रतियोगिता (CT Public School Jalandhar) में अंडर-14 बॉयज़ टीम ने पूरे ज़िले में प्रथम स्थान प्राप्त किया और अंडर-14 गर्ल्स टीम ने दूसरा स्थान जीता। इसके अतिरिक्त अंडर-17 बॉयज़ श्रेणी में नमनप्रीत सिंह (9A1) ने प्रथम स्थान, जबकि अंडर-19 श्रेणी में विवान शर्मा (12 कॉमर्स) ने द्वितीय स्थान हासिल किया। अंडर-17 गर्ल्स टीम ने भी तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। खेलों में मिल रही इस सफलता के साथ-साथ विद्यालय 3×3 बास्केटबॉल टूर्नामेंट (Sports College) में भी छाया रहा, जहाँ अंडर-12 बॉयज़ टीम और अंडर-12 गर्ल्स टीम दोनों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल को गर्वान्वित किया। विद्यालय के सात खिलाड़ियों का चयन स्टेट लेवल कैंप के लिए हुआ है, जिनमें मोक्षा शर्मा (U-17), शौर्या (U-14), शेज़ाद (U-14), तनवीर (U-14), जोरावर (U-14), नमनप्रीत सिंह (U-17) और विवान शर्मा (U-19) शामिल हैं। केवल बास्केटबॉल ही नहीं, बल्कि अन्य खेलों में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। विद्यालय ने बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीता, वुशू में प्रथम स्थान प्राप्त किया, इंटर-स्कूल स्विमिंग चैम्पियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की, कराटे में स्वर्ण पदक हासिल किया, क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता ट्रॉफी जीती, वहीं वॉलीबॉल और फुटबॉल में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि खेलों में सफलता का मुख्य कारण विद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही पेशेवर कोचिंग है, जिसके चलते छात्र राष्ट्रीय स्तर तक पहुँच रहे हैं। स्कूल निर्देशिका श्रीमती मोनिका मैनी ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षा और खेलों का संतुलन ही बच्चों के सर्वांगीण विकास की कुंजी है। केवल खेल ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक उपलब्धियों में भी ब्रिटिश ओलिविया स्कूल लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। विद्यालय ने बोर्ड कक्षाओं में लगातार 100% परिणाम देकर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता सिद्ध की है।विद्यालय के चेयरमैन ने कहा – “हम अपने विद्यार्थियों को उच्च स्तर की शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में बेहतर से बेहतर अवसर उपलब्ध करवा रहे हैं। हमारी प्राथमिकता है कि बच्चों को न केवल जानकारी दी जाए, बल्कि उन्हें जीवन की हर चुनौती के लिए तैयार किया जाए। यही कारण है कि हमारे छात्र आज शिक्षा और खेल दोनों में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
