( पंजाब दैनिक न्यूज़ ) पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार को निधन हो गया. वह 95 वर्ष के थे.सेहत बिगड़ने के बाद उन्हें मोहाली के प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। 95 साल के प्रकाश सिंह बादल 5 बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। प्रकाश सिंह बादल ने साल 1947 में राजनीति शुरू की थी। उन्होंने सरपंच का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। तब वह सबसे कम उम्र के सरपंच बने थे।
बुधवार को सुबह 10 बजे उनका पार्थिव शरीर शिरोमणि अकाली दल के चंडीगढ़ के सेक्टर-28 स्थित पार्टी ऑफिस ले जाया जाएगा, जहां दोपहर 12 बजे तक आम लोग दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद अंतिम यात्रा चंडीगढ़ से शुरू होकर गांव बादल तक जाएगी। इस दौरान रास्ते में राजपुरा, पटियाला और उसके बाद संगरूर होते हुए बरनाला, रामपुरा फूल बठिंडा होते हुए बादल गांव पहुंचेगी। जहां गुरुवार 27 अप्रैल को दोपहर 1 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
1957 में उन्होंने सबसे पहला विधानसभा चुनाव लड़ा। 1969 में उन्होंने दोबारा जीत हासिल की। 1969-70 तक वह पंचायत राज, पशु पालन, डेयरी आदि मंत्रालयों के मंत्री रहे।इसके अलावा वह 1970-71, 1977-80, 1997-2002 में पंजाब के मुख्यमंत्री बने। इसके अलावा 1972, 1980 और 2002 में विरोधी दल के नेता भी बने। मोरारजी देसाई के प्रधानमंत्री रहते वह सांसद भी चुने गए। वहीं 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने के बाद वह सबसे अधिक उम्र के उम्मीदवार भी बने।
