


चिंतपूर्णी (पंजाब दैनिक न्यूज़ ) विश्वविख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में 22 से 30 मार्च तक होने वाले चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर शनिवार को बाबा श्री माई दास सदन में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने की। बैठक में एसडीएम अम्ब विवेक महाजन, मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी शम्मी राज व अन्य सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान मेले में कैसी व्यवस्था रहेगी, इसके बारे में सुझाव लेकर मेले के प्रबंधों के बारे में निर्णय लिए गए,मेले में लागू रहेगी धारा 144, इन चीजों पर रहेगा प्रतिबंध,एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि चैत्र नवरात्र मेले में मुख्य रूप से लंगर लगाने को लेकर नियमों में कुछ बदलाव किए गए हैं। सड़क के आमने-सामने दोनों तरफ लंगर लगाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा सड़क पर लंगर नहीं लगाया जा सकेगा और लंगर संस्थाओं को मंदिर न्यास द्वारा जारी किए गए नियमों का पालन करना होगा। इसके अलावा 10 हजार रुपए धरोहर राशि और 10 हजार रुपए लंगर फीस जमा करवानी होगी। इसके अलावा न्यास द्वारा गठित कमेटी लंगर स्थल का निरीक्षण कर लंगर लगाने की परमिशन देगी। मेले में धारा 144 लागू रहेगी। इसके अलावा मंदिर में नारियल ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। ढोल-नगाड़े व चिमटा बजाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि 200 पुलिस जवान, 200 होमगार्ड के जवान और 50 महिला आरक्षी मेले में व्यवस्था बनाने के लिए तैनात किए जाएंगे। 
