(पंजाब दैनिक न्यूज़) चुनावी राज्य पंजाब के दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जनवरी, 2022 को निकले थे। इसके बाद मौसम के कारण उन्हें सड़क मार्ग से निकलना पड़ा। इसी बीच जब पीएम का काफिला फिरोजपुर पहुंचा था तब कुछ प्रदर्शनकारियों ने उस सड़क मार्ग को जाम कर रखा था। इस कारण प्रधानमंत्री एक फ्लाईओवर पर करीब 20 मिनट तक फंसे रहे। घटना के बाद प्रधानमंत्री बिना रैली किए दिल्ली लौट गए थे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक के लिए एक जांच टीम बनाई गई है जो अब पंजाब के फिरोजपुर पहुंची है। सुरक्षा में हुई चूक की जांच के लिए गठित पैनल फिरोजपुर में मामले की जांच कर रही है। फिरोजपुर में पीएम कैसे फंसे और आखिर प्रदर्शनकारी कौन थे, उनका मकसद क्या था? इन तमाम बिंदुओं पर टीम जांच करने पहुंची है।आज शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में पीएम सुरक्षा मसले को लेकर सुनवाई जारी है।
इस दौरान वकील मनिंदर सिंह ने कहा, पीएम सुरक्षा का मुद्दा राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा है और संसदीय दायरे में आता है। घटना की पेशेवर रूप से जांच की जानी चाहिए। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि ये सीमा पार आतंकवाद का मामला है इसलिए एनआईए (NIA) अधिकारी जांच में सहायता कर सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब यात्रा के दौरान उनके यात्रा के रिकॉर्ड को सुरक्षित और संरक्षित करने का निर्देश दिया है।
