जालंधर पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीष तोखी) आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के मद्देनज़र जालंधर ग्रामीण पुलिस ने जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरविंदर सिंह विर्क, पी.पी.एस. के दिशा-निर्देशों के तहत विभिन्न सब-डिवीजनों में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाले गए तथा विशेष नाकाबंदी कर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।पुलिस द्वारा निकाले गए फ्लैग मार्च का नेतृत्व डीएसपी नरिंदर सिंह औजला (सब-डिवीजन करतारपुर), डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ (सब-डिवीजन नकोदर), डीएसपी भारत मसीह लाधड़ (सब-डिवीजन फिल्लौर), डीएसपी सरवन सिंह बल्ल, पी.पी.एस. (सब-डिवीजन शाहकोट) तथा डीएसपी राजीव कुमार (सब-डिवीजन आदमपुर) की निगरानी में किया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा लोगों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोहों को देखते हुए जिलेभर में 24 घंटे विशेष नाकाबंदी की जा रही है। विभिन्न चेक प्वाइंटों पर वाहनों की गहन जांच, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और अन्य भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। आम जनता की सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERVs) को जिलेभर में 24 घंटे तैनात रखा गया है।जालंधर ग्रामीण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि, लावारिस वस्तु अथवा आपातकालीन स्थिति की जानकारी तुरंत 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि जनता का सहयोग ही स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाएगा।