जालंधर पंजाब दैनिक न्यूज़ (मुनीश तोखी ) पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा में भी बैठकों का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में आज प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य एवं देहाती इंचार्ज सुभाष शर्मा ने मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में चुनावी रणनीति एवं संगठनात्मक ढांचे के विस्तार पर चर्चा हुई। बैठक में सुभाष शर्मा ने कहा कि हमने मोदी सरकार की नीतियों को घर-घर तक प्रसारित करना है ताकि विधानसभा चुनाव में भाजपा जीत हासिल कर सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनहितैषी नीतियों से सबका साथ सबका विकास किया जा रहा है। भाजपा की जनहितैषी नीतियां समाज के हर वर्ग का ध्यान रखकर बनाई जाती हैं और पार्टी का हर वर्कर समाज हित में ही काम करता है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार दोबारा नहीं बनेगी और लोग आम आदमी पार्टी के झूठे दावों की सच्चाई जानते हैं। शिअद तो पहले ही लोगों को नापसंद है। 



